देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, 100 वार्डों की निगरानी के लिए तैनात होंगे 50 सेक्टर अधिकारी

देहरादून: हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने और स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में प्लास्टिक प्रतिबंध की निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों को नामित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधित उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक का निर्माण करने वाले उद्योगों और फैक्ट्रियों का भी विशेष निरीक्षण किया जाएगा। सेक्टर अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत समेत संबंधित निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएंगे।
नगर निगम देहरादून के सभी वार्डों में नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। वहीं विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई में संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यहां सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। सफाई अभियान की स्थिति की पूर्व और पश्चात की तस्वीरों सहित रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करानी होगी।
प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के नगरीय निकायों में प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से भी पुलिस क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अभियान में अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश देने को कहा गया है। पुलिस विभाग की ओर से भी नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी अभियान में सहयोग करेंगे।
सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित वार्डों का नियमित भ्रमण कर प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। रिपोर्ट में कार्रवाई के साथ गूगल फोटोग्राफ भी शामिल करने होंगे। इसी तरह स्वच्छता अभियान के दौरान कूड़ा या गंदगी वाले स्थानों की सफाई कराने के बाद पहले और बाद की तस्वीरों सहित प्रतिदिन रिपोर्ट देनी होगी।
प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।



