अपराधउत्तराखंड

एसटीएफ और दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय सट्टा गिरोह पकड़ा

देहरादून: देहरादून में उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने बसंत विहार थाना क्षेत्र के ऋषि विहार कॉलोनी स्थित एक किराये के फ्लैट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े बताए जा रहे हैं।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त फ्लैट से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। बुधवार रात छापेमारी के दौरान पांच युवक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये सट्टेबाजी करते पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा निवासी छत्तीसगढ़ तथा संदीप कुमार निवासी बिहार शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 डेबिट कार्ड, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन और सट्टेबाजी से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद की है। जांच में कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन की आशंका जताई जा रही है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से सट्टा संचालित करता था। एप की यूजर आईडी और पासवर्ड दिल्ली-गुरुग्राम निवासी सुमित यादव उपलब्ध कराता था, जिसे एक्सेस दुबई से मिलता था। आरोपी नए यूजर बनाकर उनसे रकम जमा कराते और आईपीएल मैचों पर दांव लगवाते थे।

पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का मुख्य सरगना सुमित यादव है, जो पहले महादेव बैटिंग एप और उसके संचालक सौरभ चंद्राकर से भी जुड़ा रहा है। महादेव एप के भारत में प्रतिबंधित होने के बाद रेडीबुक एप के जरिये काम शुरू किया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button