उत्तराखंड

हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से 13 वर्षीय बच्ची की मौत, चालक हिरासत में

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शनि बाजार रोड पर तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी और इन दिनों हल्द्वानी में अपनी नानी के घर आई हुई थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची सड़क पर गिर गई और कैंटर के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कैंटर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए वाहन को घेर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) अमित कुमार सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और चालक को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

परिवार में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक बच्ची के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस कर रही जांच

सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे में एक किशोरी की मौत हुई है। कैंटर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button