उत्तराखंड

हल्द्वानी में नगर निगम का बड़ा अभियान, अतिक्रमण हटाकर फड़-ठेले किए जब्त; नशा तस्करों पर भी कार्रवाई

हल्द्वानी: शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में राजपुरा और टनकपुर रोड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगाए गए फड़, ठेले और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। इस दौरान कई फड़ और ठेले जब्त किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे गए।

 

अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की टीम ने सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए लोगों को भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।

 

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने खुले में मीट बेच रहे विक्रेताओं को भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करना सभी व्यापारियों की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

इसके बाद नगर आयुक्त ने धोबीघाट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां गंदा पानी और खराब सफाई व्यवस्था देखकर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही मौके पर ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

 

नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों लोगों के चालान भी किए। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने स्पष्ट कहा कि सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

 

नशा तस्करों पर भी पुलिस का शिकंजा

 

इधर, नैनीताल पुलिस ने नशे, अवैध शराब और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक तस्कर को 9.12 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक सट्टेबाज और अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक अन्य आरोपी को भी दबोचा।

 

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button