हल्द्वानी में MBA छात्र ने की आत्महत्या, गेहूं के ड्रम में फंदे से लटका मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय MBA छात्र ने अपने ही घर में आत्महत्या कर ली। युवक का शव गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में मातम का माहौल है।
परिवार से विवाद के बाद कमरे में चला गया छात्र
पुलिस के अनुसार, गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी दिनेश माहरा, गंगा सिंह माहरा का पुत्र था और हल्द्वानी के एक कॉलेज से MBA द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात उसका परिवार के एक सदस्य से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दिनेश ने खाना खाया और करीब रात 9 बजे अपने कमरे में चला गया।
सुबह मां ने देखा दिल दहला देने वाला मंजर
मंगलवार सुबह जब दिनेश काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो उसकी मां कुसुम उसे देखने गईं। कमरे में पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर रखे नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से दिनेश लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों ने आनन-फानन में दिनेश को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फांसी से पहले नस काटने की आशंका
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के एक हाथ में कट के दो निशान मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि फांसी लगाने से पहले उसने अपनी नस काटने की कोशिश भी की होगी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण तो नहीं था।
मोबाइल फोन जब्त, हर एंगल से जांच
घटनास्थल के पास से पुलिस को दिनेश का मोबाइल फोन मिला, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी के जरिए घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। परिजनों के मुताबिक, दिनेश अक्सर मोबाइल से ही अपनी पढ़ाई करता था।
परिवार में पसरा मातम
दिनेश अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं, जबकि बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में गहरा शोक है और इलाके में भी दुख का माहौल बना हुआ है।
पुलिस कर रही गहन जांच
अमित कुमार सैनी (सीओ) के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। वहीं थाना मुखानी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।



