घर में घुसा तेंदुआ, सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर किया हमला; सिर और हाथों पर मारे पंजे

अल्मोड़ा। स्याल्दे के ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में तेंदुए के घर में घुसकर 88 वर्षीय वृद्धा पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में वृद्धा घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की सक्रियता पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ग्राम प्रधान अमन बिष्ट के अनुसार, गांव निवासी परुली देवी पत्नी स्वर्गीय आन सिंह रात करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने वृद्धा के सिर पर वार किया और हाथों पर पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया।
वृद्धा के शोर मचाने पर घर में सो रही उनकी बहू की नींद खुली। कमरे में तेंदुए को देखकर वह घबरा गई और आसपास के लोगों को सूचना दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए को घर से बाहर भगाया।
इसके बाद घायल परुली देवी को उपचार के लिए भिकियासैंण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण और बेहतर उपचार के लिए रामनगर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक वृद्धा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
वन विभाग ने शुरू की गश्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त और निगरानी शुरू कर दी है। जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया कि घायल वृद्धा का हाल जानने के बाद टीम ने क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी है। तेंदुए की गतिविधियों वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने की तैयारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हिंसक वन्यजीवों की सक्रियता बढ़ने से लोगों में डर बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
बाड़ेछीना में भी ग्रामीण पर कर चुका है हमला
इससे पहले बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में भी गुलदार ने एक ग्रामीण पर हमला किया था। हमले में दीवान सिंह घायल हुए थे। उनके हाथ और पीठ पर चोटें आई थीं। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में उपचार दिया गया था। ग्रामीणों ने उस समय भी वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की थी।



