उत्तराखंड

नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट, 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद

नैनीताल: उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच भारी बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में भूस्खलन व सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है।

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार 2 सितंबर 2026, बुधवार को नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग ने 2 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और कुछ क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका है।

लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह, जलभराव, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने एक दिन के लिए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।

प्रशासन के आदेश के मुताबिक 2 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए परिसर में ही पढ़ाई और रहने की सुविधा उपलब्ध है, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा।

संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button