
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। वनराजी समुदाय के किमखोला गांव में पत्नी से विवाद के दौरान एक युवक की उसके ही परिजनों ने लोहे के पाइप और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मृतक के सगे छोटे भाई, दो चचेरे भाइयों और चाची को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी से विवाद के बाद भड़का मामला
जानकारी के अनुसार मृतक कुंदन का अपनी पत्नी रेखा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि कुंदन कुल्हाड़ी लेकर पत्नी के पीछे दौड़ा, जिससे बचने के लिए महिला पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची के घर भाग गई।
चाची के घर पहुंचकर हुआ खूनी संघर्ष
पत्नी का पीछा करते हुए कुंदन भी चाची बसंती देवी के घर पहुंच गया। यहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बीच-बचाव के दौरान परिजनों ने कुंदन पर लोहे के पाइप और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
रातभर आंगन में पड़ा रहा शव
परिजनों को लगा कि कुंदन केवल घायल है, इसलिए उसे रातभर आंगन में ही पड़ा रहने दिया गया। अगले दिन सुबह उसकी मौत का पता चला, जिसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की साजिश रच डाली।
शव को गधेरे में दफनाया
आरोप है कि कुंदन के शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर झिपुखोला गधेरे में दफना दिया गया। सूचना मिलने पर उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पत्नी की शिकायत से खुला राज
यह मामला तब सामने आया जब मृतक की पत्नी रेखा ने जौलजीबी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपियों से पूछताछ में पूरी घटना का खुलासा हुआ।
सगा भाई भी निकला आरोपी
इस हत्याकांड में मृतक का सगा भाई प्रदीप सिंह रजवार भी शामिल पाया गया है। पुलिस ने उसे समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



