
देहरादून। ड्रेस कोड को लेकर उठे विवाद के बीच सोमवार को देहरादून में Lenskart के शोरूम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता चकराता रोड और एक मॉल स्थित शोरूम में नारेबाजी करते हुए पहुंचे और कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाकर हाथों में कलावा बांधा।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों को माथे पर तिलक और हाथों में कलावा न पहनने का निर्देश जारी किया गया था। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन को दो दिन के भीतर माफीनामा जारी करने की चेतावनी दी है। ऐसा न होने पर देशभर में विरोध प्रदर्शन करने की बात कही गई है।
बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने कहा कि दून के सभी शोरूम में हिंदू कर्मचारियों को तिलक और कलावा पहनाया गया और कर्मचारी इसके पक्ष में थे।
दूसरी ओर, कंपनी की ओर से इसे पुराना आदेश बताया गया है और इस पर खेद जताने की बात सामने आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संजय सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो को री-ट्वीट करते हुए इसे गुंडागर्दी करार दिया और कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



