
नैनीताल। दिल्ली की एक युवती के साथ नैनीताल में हैरान करने वाली घटना सामने आई है। घूमने आई युवती को एक टैक्सी चालक ने अगवा कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट की और उसका फोन भी छीन लिया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर युवती नंगे पैर जंगल की ओर भाग निकली और पूरी रात डर के साये में छिपकर बिताई।
नशे में धुत चालक ने जंगल की ओर मोड़ी कार
पीड़िता ने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी है और अक्सर शांत स्थानों पर घूमने जाती है। इसी वजह से वह नैनीताल घूमने आई थी। उसने गुरुवार को हल्द्वानी निवासी दीपक बोरा की टैक्सी किराये पर ली थी।
युवती के अनुसार, नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले आरोपी चालक ने कार को पटवाडांगर मार्ग पर जंगल की तरफ मोड़ लिया था। विरोध करने पर उसने कार तेज गति से दौड़ा दी और करीब दो किलोमीटर आगे ले जाकर युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। घटना के समय आरोपी नशे में धुत था।
विरोध करने पर मारपीट, फोन भी छीना
पीड़िता के मुताबिक जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। इसी बीच मौका पाकर युवती टैक्सी से उतरकर नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग निकली।
आरोपी ने कुछ दूरी तक युवती का पीछा भी किया, लेकिन युवती सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में छिप गई और बाहर नहीं निकली।
हर आहट से कांपता रहा दिल
युवती ने बताया कि उस रात हर छोटी सी आहट पर उसका दिल जोर-जोर से धड़कने लगता था। डर और ठंड के बीच उसने पूरी रात उसी कलवर्ट में छिपकर बिताई। उसने कहा कि उस समय उसके मन में बस यही विचार था कि किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचना है।
सुबह हिम्मत कर मांगी मदद
सुबह उजाला होने पर युवती ने हिम्मत जुटाई और सड़क की ओर निकलकर मदद मांगी। वह बल्दियाखान क्षेत्र में एक महिला के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता बोली- प्रकृति ने मुझे बचाया
युवती ने भावुक होकर कहा कि वह प्रकृति से बेहद लगाव रखती है और उसे लगता है कि उसी प्रकृति ने उसे अपनी गोद में छिपाकर उस हैवान से बचा लिया।
फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।



