देहरादून के 1.59 लाख LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 23 अगस्त तक e-KYC नहीं कराई तो प्रभावित हो सकती है गैस सप्लाई

देहरादून। घरेलू LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। देहरादून जिले में e-KYC की प्रक्रिया जारी है और भारत सरकार ने उपभोक्ताओं को e-KYC कराने के लिए अब 23 अगस्त 2026 तक का अतिरिक्त समय दिया है। तय समयसीमा में e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की LPG आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू LPG कनेक्शन हैं। इनमें से 5,57,546 उपभोक्ता e-KYC करा चुके हैं, जबकि अभी 1,59,299 उपभोक्ताओं की e-KYC बाकी है। लंबित उपभोक्ताओं में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9,243 लाभार्थी भी शामिल हैं।
पहले e-KYC कराने की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 23 अगस्त कर दिया गया है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, उनके पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ ही दिन बाकी हैं।
उपभोक्ता तीन तरीकों से e-KYC करा सकते हैं। पहला, अपने संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर। दूसरा, गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से। तीसरा, संबंधित तेल विपणन कंपनी के अधिकृत मोबाइल ऐप से स्वयं e-KYC की जा सकती है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने सभी LPG उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द e-KYC पूरी करा लें, ताकि घरेलू LPG सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
विभाग के अनुसार, 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू LPG आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें घरेलू के बजाय व्यावसायिक दरों पर गैस मिलने की स्थिति बन सकती है। इसलिए उपभोक्ताओं को समय रहते e-KYC पूरी कराने की सलाह दी गई है।



