चारधाम यात्रा 2026: 10 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, सरकार ने तैयारियां तेज कीं

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 10 लाख तीर्थयात्री यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
यात्रा से पहले तैयारियां जोरों पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर सरकार ने वर्ष 2025 में कपाट बंद होने के तुरंत बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। सड़क, बुनियादी ढांचा, आवास और परिवहन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
जीएमवीएन में 5 करोड़ की एडवांस बुकिंग
सरकार के अनुसार, गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में अब तक लगभग 5 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जो यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाती है।
पिछले साल आपदा के बावजूद भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आपदाओं के कारण करीब डेढ़ महीने तक यात्रा प्रभावित रही, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए।
सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण होती है, लेकिन हर श्रद्धालु की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा के पूर्वानुमान की जानकारी भी समय-समय पर यात्रियों को दी जाएगी।
संख्या पर फिलहाल कोई कैपिंग नहीं
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सामान्य परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की संख्या पर किसी प्रकार की कैपिंग का निर्णय नहीं लिया गया है।



