अपराधउत्तराखंड

‘नींबू-मिर्च’ के बहाने घरों की रेकी, शातिर गिरोह का पर्दाफाश; 3 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून शहर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह ‘नींबू-मिर्च’ और टोटके के नाम पर घर-घर घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

475 CCTV फुटेज से खुला राज

नकरौंदा क्षेत्र में सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज की। इस दौरान करीब 475 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

टोटके के बहाने करते थे रेकी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘नींबू-मिर्च’ और तंत्र-मंत्र का सामान बेचने के बहाने मोहल्लों में घूमते थे। इस दौरान वे यह पहचानते थे कि कौन से घर बंद हैं और कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। आरोपी भीड़भाड़ वाले समय में चोरी को अंजाम देते थे, ताकि शक न हो और आसानी से फरार हो सकें।

हरिद्वार की सपेरा बस्ती के निवासी

गिरफ्तार तीनों आरोपी हरिद्वार के घिस्सुपुरा (सपेरा बस्ती) के रहने वाले हैं। पुलिस ने बिंडलास रेजीडेंसी के पास से इन्हें दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुनाल (19), अलकित (22) और नितिन (21) के रूप में हुई है।

अन्य वारदातों का भी किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रानीपोखरी क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच में जुटी है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने दून वासियों से अपील की है कि वे अनजान फेरीवालों या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button