
देहरादून | कांग्रेस के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने महाआक्रोश अभियान की शुरुआत कर दी है। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड से जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कथित नकारात्मक रवैये के विरोध में यह अभियान शुरू किया है।
भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि संसद में विपक्ष द्वारा अपनाए गए रुख से नारी शक्ति का अपमान हुआ है और इसी के विरोध में प्रदेशभर में जनजागरण किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है।
प्रदेशभर में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
महाआक्रोश अभियान के तहत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हजारों महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही सामाजिक माध्यमों के जरिए दस दिनों तक अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।
महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। रुचि भट्ट ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।



