SIR को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, नरेश बंसल ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर SIR का विरोध कर राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर लोगों को बांटकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में माओवादी और नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर देश को कमजोर करने वाली ताकतों से भी मुकाबला जरूरी है।
SIR को लेकर नरेश बंसल ने कहा कि यह प्रक्रिया किसी एक वर्ग या राजनीतिक दल के हित में नहीं है, बल्कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का गठन मतदाताओं के माध्यम से होता है, इसलिए जरूरी है कि पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल रहे और अपात्र व्यक्ति का नाम हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि SIR देश में पहली बार नहीं हो रहा है और इसका उद्देश्य विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर राजनीतिक और वर्ग विशेष के हितों को साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कभी SIR तो कभी वंदे मातरम् को लेकर सवाल उठाती है।
वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी ऐसे व्यक्ति के साथ नहीं है, जो देश या प्रदेश में अवैध रूप से रह रहा हो, लेकिन पार्टी हर उस वर्ग के साथ खड़ी है जिसके वोट देने के अधिकार पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रतिमा सिंह ने भाजपा से सवाल किया कि अगर प्रदेश में घुसपैठिए मौजूद हैं तो लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी संविधान, लोकतंत्र और प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।



