उत्तराखंड

अल्मोड़ा में गैस वितरण की नई व्यवस्था लागू, सूची में नाम होने पर ही मिलेगा सिलेंडर

अल्मोड़ा। जनपद में गैस सिलिंडर की निर्बाध आपूर्ति और सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को क्रमवार गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जिनका नाम वितरण स्थल पर प्रदर्शित सूची में दर्ज होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने बताया कि वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक वितरण केंद्र के लिए उपभोक्ताओं की सूची और रोस्टर तैयार किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित केंद्रों पर गैस वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित केंद्रों पर एक दिन पूर्व ही उपभोक्ताओं की सूची चस्पा कर दी जाएगी, ताकि लोग अपने क्रम के अनुसार गैस प्राप्त कर सकें और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।

अगले दिन प्राथमिकता मिलेगी

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि सूची में नाम होने के बावजूद किसी उपभोक्ता को किसी कारणवश सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो उसे अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर गैस दी जाएगी।

साथ ही, अब गैस बुकिंग के 10 दिन बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की गई है।

मोबाइल नंबर अपडेट कराने की अपील

यदि उपभोक्ताओं को डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्राप्त नहीं हो रहा है, तो उन्हें अपनी संबंधित गैस एजेंसी में मोबाइल नंबर और पता अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

अव्यवस्था फैलाने पर सख्त कार्रवाई

करुणा पंत ने चेतावनी दी है कि वितरण केंद्रों पर अव्यवस्था या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए सहयोग करें, जिससे गैस वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button