
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि जो व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, उसे देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ को देश से समाप्त किया जाएगा। केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी जितना विरोध करना चाहें करें, लेकिन उन्हें हर चीज में केवल नकारात्मकता ही दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश से तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने का काम किया है।
गृह मंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में भी यूसीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है, जो जल्द ही काम शुरू करेगी।
कांग्रेस से हिसाब मांगना चाहिए
शाह ने कहा कि कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2016 के बीच केंद्र सरकार ने राज्य को पूंजी निवेश के रूप में एक लाख 87 हजार करोड़ रुपये दिए थे। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के लिए करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच राज्य का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में यह बढ़कर 4770 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2014 में 1.25 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है। राज्य का जीएसडीपी भी बढ़कर 3.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
2027 में तीसरा मौका देने की अपील
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में बिखर चुकी है और संसद में केवल हंगामा करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की सेवा की है। उन्होंने लोगों से 2027 में भाजपा को तीसरी बार मौका देने की अपील की और कहा कि देवभूमि को देश में नंबर एक राज्य बनाया जाएगा।
अमित शाह का हुआ पारंपरिक स्वागत
देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। इसके बाद हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक के रूप में पारंपरिक टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान गृह मंत्री ने हरिद्वार में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन भी किया। 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से पहली एफआईआर अल्मोड़ा निवासी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दर्ज कराई गई।
इन लोगों को मिला नागरिकता प्रमाणपत्र
कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों—शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही राष्ट्रीय सेवा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस आरक्षियों को सम्मानित किया गया।
गृह मंत्री ने कार्यक्रम में 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इसके अलावा नई नियुक्ति पाने वाले 2000 पुलिस कर्मियों ने भी गृह मंत्री का स्वागत किया।
कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
हरिद्वार दौरे के दौरान अमित शाह ने राज्य सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
प्रदेश सरकार की ओर से इस अवसर पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें धामी सरकार के चार वर्षों के प्रमुख फैसलों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों को लागू करने और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे निर्णयों को प्रदर्शित किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अपने हरिद्वार दौरे के दौरान करीब सवा चार घंटे तक विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहे। उन्होंने वैरागी द्वीप में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जनसभा को संबोधित किया और बाद में एक निजी होटल में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक भी की।



