हल्द्वानी में अमेजन गोदाम में भीषण आग, दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी गोदाम के अंदर सो रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के सामने बने अमेजन गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब टीम ने गोदाम के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया तो दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिले। अत्यधिक धुएं और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गौलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की विस्तृत पड़ताल में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



