बाजपुर में आग का कहर! 9 झोपड़ियां राख, 4 परिवार बेघर, 15 लाख का सामान स्वाहा

बाजपुर में भीषण अग्निकांड, चार परिवारों की नौ झोपड़ियां जलकर राख, लाखों के नुकसान की आशंका
बाजपुर के ग्राम जोगीपुरा में चार परिवारों की करीब नौ झोपड़ियां जलकर राख हो गईं. घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
रुद्रपुर: जनपद में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. आए दिन आग की घटनाओं में लोगों की मेहनत की कमाई और घरेलू सामान जलकर राख हो रहा है. ताजा मामला बाजपुर क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा का है, जहां अचानक लगी भीषण आग ने चार परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया. जोगीपुरा गुरुद्वारा साहिब के सामने अज्ञात कारणों से लगी आग में चार परिवारों की करीब नौ झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं. अग्निकांड के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पीड़ित परिवारों में चीख-पुकार शुरू हो गई.
जोगीपुरा में चार परिवारों की करीब नौ झोपड़ियां बनी हुई थीं. बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य मजदूरी करने के लिए घरों से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अचानक झोपड़ियों में आग लग गई. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक झोपड़ियों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. आग की लपटें उठती देख वहां मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया. महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर गुरुद्वारा साहिब में मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े.
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए झोपड़ियों के अंदर मौजूद विमला और लक्ष्मी को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया. सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों के सहयोग से अग्निशमन कर्मचारियों ने काफी मशक्कत की और आग पर काबू पाया. हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक चारों परिवारों की नौ झोपड़ियां और उनमें रखा लगभग पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था.
इस अग्निकांड में झोपड़ियों के अंदर रखे टीवी, फ्रिज, कूलर, कपड़े, बिस्तर, जरूरी दस्तावेज, घरेलू उपयोग का सामान और रसोई गैस सिलिंडर तक आग की चपेट में आ गए. पीड़ित परिवारों के अनुसार उनकी वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी पूरी तरह बर्बाद हो गई है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक अग्निकांड में करीब 10 से 15 लाख रुपये तक का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाना अभी बाकी है.
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था. ग्रामीणों की मदद से अग्निशमन कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन काफी घरेलू सामान जलकर राख हो गया है. स्थानीय स्तर पर करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है.
चंदन,अग्निशमन अधिकारी,बाजपुर
घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिन परिवारों के सिर से छत छिन गई, उनके सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है.



