उत्तराखंड

प्रेस क्लब के क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, दून की दो टीमों ने मारी बाजी

देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांचक रहे। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में दून स्ट्राइकर्स और दून थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः छह और पांच रन से जीत दर्ज की। दोनों मुकाबले आखिरी ओवर तक रोमांचक बने रहे।

पहले मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 113 रन बनाए। टीम की ओर से सोबन गुंसाई ने 37 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 39 रन बनाए, जबकि कप्तान योगेश ने 21 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून सुपर किंग्स की टीम 19.5 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। सचिन ने 29 और मनीष डंगवाल ने 28 रन बनाए। दून स्ट्राइकर्स की ओर से अरविंद रावत ने चार विकेट हासिल किए।

दूसरे मुकाबले में दून थंडर्स ने छह विकेट पर 133 रन बनाए। विजय जोशी ने 43 गेंदों में सात चौकों की मदद से 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान ठाकुर नेगी ने 17 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून किंग राइडर की टीम 18.3 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। विशु सैनी ने 23, अनिल डोगरा ने 21 और कप्तान सुनील कुमार ने 17 रन बनाए। दून थंडर्स की ओर से जुगल किशोर और ठाकुर नेगी ने तीन-तीन विकेट लिए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के चेयरपर्सन अभिनव थापर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण और व्यस्त पेशा है। काम के दबाव और व्यस्त दिनचर्या के चलते पत्रकार अक्सर अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रेस क्लब को समय-समय पर खेलकूद और रचनात्मक आयोजन करने चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि खेल तनाव कम करने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, भूपत सिंह बिष्ट, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, दीपक फर्स्वाण, वीके डोभाल सहित प्रेस क्लब के सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button