उत्तराखंड

सीएम के सामने नहीं रख पाए क्षेत्र की समस्याएं, माइक बंद होने पर भड़के विधायक हरीश

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला विधायक हरीश धामी ने मंच पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मंच से संबोधन का मौका नहीं मिलने और माइक बंद किए जाने से नाराज विधायक ने तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विधायक हरीश धामी ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी वीडियो में कहा कि धारचूला-मुनस्यारी के लोग अतिथियों को भगवान के समान मानते हैं। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से अंकिता भंडारी मामले, कनार सड़क और क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री का विरोध करने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने मेले की परंपरा को देखते हुए विरोध नहीं करने का फैसला लिया था।

हरीश धामी के मुताबिक, वह मुख्यमंत्री के सामने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद जब उन्होंने माइक लेकर बोलना शुरू किया तो सरकार और मुख्यमंत्री के दबाव में माइक बंद कर दिया गया। विधायक ने सवाल उठाया कि क्षेत्र का विधायक होने के नाते क्या उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है?

विधायक ने माना कि क्षेत्र की अनदेखी से नाराज होकर आवेश में उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी, जिसके लिए उन्होंने जनता से माफी भी मांगी। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 2027 का विधानसभा चुनाव धारचूला से लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी अनुमति देती है तो वह मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।

माइक बंद होने पर हुआ हंगामा

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के जाने के बाद विधायक ने मंच से जनता को संबोधित करना चाहा, लेकिन उनका माइक बंद कर दिया गया। इसके बाद नाराज विधायक साउंड सिस्टम संचालकों के पास पहुंच गए। इस दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ हुई। विधायक के समर्थकों ने भी मौके पर हंगामा किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button