उत्तराखंड

25,878 गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक, ई-केवाईसी के बिना नहीं मिलेगा सिलिंडर

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में घरेलू गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 25,878 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। इनमें इंडेन गैस के 19,878 और भारत गैस के करीब 6,000 उपभोक्ता शामिल हैं। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होने तक इन उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, जिले में इंडेन के करीब 1,98,788 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से 19,878 उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। वहीं, भारत गैस के करीब 40 हजार घरेलू उपभोक्ताओं में से छह हजार की ई-केवाईसी लंबित है। इसके चलते संबंधित उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं पर लागू है।

जिन उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन से आधार कार्ड लिंक है, वे सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले वाहन चालक के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। वहीं, जिन उपभोक्ताओं का आधार गैस कनेक्शन से लिंक नहीं है, उन्हें संबंधित गैस एजेंसी में जाकर समस्या का समाधान कराना होगा।

केएमवीएन के गैस प्रबंधक रवि मेहरा ने बताया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के बाद ही सिलिंडर दिए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की।

वहीं, भारत गैस एजेंसी के अनुसार, घरेलू कनेक्शन वाले करीब छह हजार उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। इन उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी होने तक सिलिंडर नहीं दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button