पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, तथाकथित पत्रकार गिरफ्तार; कारोबारी से वसूले 50 हजार रुपये

देहरादून: पटेलनगर क्षेत्र में न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रॉपर्टी से जुड़ी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर कारोबारी से कथित तौर पर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने अनुज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताने वाले आरोपी ने खबर चलाकर कारोबारी को बदनाम करने की धमकी दी और इसके एवज में पांच लाख रुपये मांगे। शिकायत के अनुसार, डर के चलते कारोबारी ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से उनसे संपर्क किया। खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए आरोपी ने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें प्रसारित करने की धमकी दी और ऐसा न करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के मुताबिक, धमकी से घबराकर पीड़ित ने आरोपी की ओर से दिए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कर दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है। रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने कथित तौर पर शेष राशि की मांग की और गाली-गलौज करते हुए पीड़ित को धमकाया।
आईएसबीटी के पास से गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने शिकायत के साथ मिले चैट स्क्रीनशॉट और भुगतान संबंधी साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद पीड़ित से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है और वर्तमान में क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की द्वारिकापुरी में रह रहा था। उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है।
डायरी में गुप्त चैंबर मिलने का पुलिस का दावा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोप है कि इस व्यवस्था के जरिए आरोपी लोगों के वीडियो गोपनीय रूप से रिकॉर्ड करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से भी कई व्यक्तियों के कथित रूप से गुप्त तरीके से बनाए गए वीडियो मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
कई राज्यों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, अनुज अग्रवाल पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी, मारपीट और अमानत में खयानत सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन मामलों के संबंध में संबंधित राज्यों से जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना करने के साथ बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।



