उत्तराखंड

कांग्रेस की न्याय यात्रा कल से होगी शुरू, 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव

देहरादून: उत्तराखंड में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 अक्टूबर से न्याय यात्रा शुरू करेगी। गढ़वाल मंडल में बदरीनाथ धाम और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह यात्रा 22 से 26 अक्टूबर तक दोनों मंडलों में निकाली जाएगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर न्याय यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे।

योजना के अनुसार, 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर गढ़वाल मंडल की यात्रा शुरू होगी। वहीं, कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का आगाज किया जाएगा। हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए दोनों मंडलों के वरिष्ठ नेता 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे। इसके अगले दिन 27 अक्टूबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस की बैठक

मंगलवार को कांग्रेस भवन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यात्रा की रणनीति और पार्टी नेताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।

प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है। इसके माध्यम से कांग्रेस सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही लोगों की समस्याएं भी सुनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button