उत्तराखंड

100 किलो सोना गड़ा होने का लालच देकर थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने का आरोप, चार गिरफ्तार

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में जमीन में 100 किलो सोना गड़ा होने का लालच देकर थारू जनजाति के एक व्यक्ति की बेशकीमती जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर पहले पीड़ित को जाल में फंसाया गया, फिर बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। एक अन्य आरोपी तांत्रिक की मौत हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह पुत्र उमेश कुमार ने इस संबंध में तहरीर दी है। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता उमेश कुमार की हाईवे से लगी करीब डेढ़ से दो बीघा जमीन थी। आरोपियों ने घर और जमीन में 100 किलोग्राम सोना दबा होने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे रकम खर्च कराई गई। आरोप है कि विभिन्न दस्तावेजों पर उनसे कथित तौर पर जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी लिए गए।

बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप

तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने उमेश कुमार को कार में बंधक बनाया और एक महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबाव और भय के चलते उमेश कुमार को जमीन का एग्रीमेंट करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद दस्तावेजों में 86 लाख रुपये नकद दिए जाने का उल्लेख करते हुए जमीन की रजिस्ट्री दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम करा ली गई। आरोप है कि इसके बाद जमीन पर कब्जा भी कर लिया गया।

खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के अनुसार, उमेश कुमार हाल में अपनी कुछ जमीन बेच चुके थे, जिसके एवज में उन्हें धनराशि मिली थी। इसके अलावा उनके पास हाईवे से सटी जमीन भी थी। पुलिस के मुताबिक, उनकी रकम और जमीन हड़पने के लिए साजिश रचे जाने का आरोप है। घर में सोना गड़ा होने का लालच देकर और तंत्र-मंत्र के नाम पर उनसे पैसे लिए गए।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी भूड़ महोलिया, विवेक कुमार निवासी भानुसी, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर शामिल हैं। शिव सिंह राणा पर तांत्रिक होने का आरोप है।

मामले में कश्मीर सिंह निवासी जंगल जोगी ढेर फरार चल रहा है, जबकि पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है।

सीओ ने बताया कि मामले में दीपक सिंह और पपेंद्र के नाम पर भी जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने की बात सामने आई है। इनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button