उत्तराखंड

मसूरी में बड़ा सड़क हादसा, स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिरी; पांच घायल, एक की हालत गंभीर

मसूरी: देहरादून-मसूरी मार्ग पर मसूरी झील से पहले कब्रिस्तान के मुख्य गेट के पास बुधवार को एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो कार संख्या UP 14 GH 0248 तेज गति से जा रही थी। कब्रिस्तान के मुख्य गेट के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सभी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय मसूरी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया गया कि सभी युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और मसूरी घूमने के बाद वापस देहरादून जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को रेस्क्यू किया।

मसूरी पुलिस के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

हादसे में घायल लोगों की पहचान चिराग त्यागी पुत्र शिवकुमार त्यागी (21 वर्ष), निवासी मडौला, गाजियाबाद; अभिषेक त्यागी पुत्र वौदराज त्यागी (22 वर्ष), निवासी रुहाणा, मुजफ्फरनगर; यश पुत्र अमित त्यागी (20 वर्ष), निवासी मडौला, गाजियाबाद; हनी त्यागी पुत्र संजीव त्यागी (21 वर्ष), निवासी मडौला, गाजियाबाद और उज्जवल त्यागी पुत्र श्रीओम त्यागी (20 वर्ष), निवासी मडौला, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button