उत्तराखंड

उत्तराखंड में SIR की फाइनल मतदाता सूची की तारीख बढ़ी, अब 3 अक्टूबर को होगा प्रकाशन

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। पहले 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना था, लेकिन नोटिस फेज और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते इसकी समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 28 सितंबर 2026 कर दी है। पहले इसके लिए 11 सितंबर 2026 तक की समय सीमा निर्धारित थी। एसआईआर के शेड्यूल में बदलाव के बाद अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए 17 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि अब 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित की है।

24.30 लाख मतदाताओं को जारी हुए नोटिस

14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाता हैं। इनमें से 24,30,387 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। आयोग के अनुसार इनमें से 24,29,524 नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 863 नोटिस की सुनवाई अभी बाकी है। इस तरह अब तक 99.96 फीसदी नोटिस की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

हालांकि, निर्वाचन आयोग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से जुड़े दावे और आपत्तियों के निस्तारण की है।

3.19 लाख आवेदन प्राप्त, 2.39 लाख अभी लंबित

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए निर्धारित अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच आयोग को कुल 3,19,309 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें फॉर्म-6 के 1,37,146, फॉर्म-7 के 1,30,382 और फॉर्म-8 के 51,781 आवेदन शामिल हैं।

इन कुल 3,19,309 आवेदनों में से अब तक 80,239 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 2,39,070 आवेदन अभी अंडर प्रोसेस हैं। यानी आयोग को प्राप्त कुल आवेदनों में से अभी तक करीब 25 फीसदी आवेदनों का ही निस्तारण हो पाया है। इसी वजह से दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय सीमा बढ़ाकर 28 सितंबर 2026 कर दी गई है।

फॉर्म-6 के 1.37 लाख आवेदन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार फॉर्म-6 के तहत कुल 1,37,146 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 22,567 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1,14,579 आवेदन पर कार्रवाई जारी है।

वहीं, फॉर्म-7 के तहत कुल 1,30,382 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 44,132 आवेदन का निस्तारण हो चुका है, जबकि 86,250 आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं।

इसके अलावा फॉर्म-8 के तहत कुल 51,781 आवेदन आयोग को प्राप्त हुए थे। इनमें से 13,540 आवेदन का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 38,241 आवेदन पर कार्रवाई जारी है।

अब निर्वाचन आयोग के सामने 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने की चुनौती है। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button