
नई दिल्ली / देहरादून/ भगवत प्रसाद मकवाना को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर समर्थकों और समाज के विभिन्न वर्ग आभार व्यक्त करते नजर आए। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर भगवत प्रसाद मकवाना ने शीर्ष नेतृत्व और सरकार का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण, उनके अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आयोग सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान और उनके लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
इस अवसर पर उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके कुशल नेतृत्व में आयोग सफाई मित्रों के हितों की रक्षा के लिए नए और ठोस कदम उठाएगा।



