भारी बारिश के अलर्ट के बीच स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश, सावधानी बरतने की करी अपील

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी देहरादून ने 18 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, देहरादून जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई बंद रहेगी। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 18 अगस्त को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के लिए 23 अगस्त तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं और जगह-जगह भूस्खलन से सड़क मार्ग प्रभावित हो रहे हैं।
बारिश के कारण कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
जिला प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें तथा बिजली के उपकरणों को सावधानीपूर्वक स्विच ऑफ रखें। नालियों और गटर को साफ रखें, ताकि जलभराव की स्थिति न बने।
लोगों से निचले इलाकों, नदी-नालों, पुलों और पानी भरे क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। वाहन चलाते समय गति धीमी रखने और पानी भरी सड़कों पर वाहन न ले जाने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली के तारों, खंभों और टूटे पेड़ों से दूर रहने को कहा गया है। बारिश के दौरान बाहर निकलने पर छतरी या रेनकोट साथ रखने की भी सलाह दी गई है।



