उत्तराखंड

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्री की मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में करंट की चपेट में आने से पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय नदीम सलमानी और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिशबा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम नदीम सलमानी घर की छत पर एसी की आउटडोर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान घर से सटे विद्युत पोल से करंट उतरने की आशंका जताई जा रही है। नदीम को करंट लगने पर उनकी बेटी अलिशबा भी उन्हें बचाने के लिए पहुंची और वह भी करंट की चपेट में आ गई।

परिजन और स्थानीय लोग दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट उतरने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। हालांकि, विद्युत पोल से करंट उतरने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिली थी कि नदीम सलमानी और उनकी बेटी एसी का तार ठीक करने छत पर गए थे। करंट लगने के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना की जानकारी मिलने पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और स्थानीय लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button