उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट; पहाड़ों में भूस्खलन से कई मार्ग प्रभावित

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा और घने बादलों के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। देहरादून के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने से कई मार्गों पर आवाजाही बाधित हुई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार की संभावना जताई है। देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भारी बारिश और तेज गरज-चमक की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है
कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश का दौर जारी है। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में शनिवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ।
भूस्खलन के कारण टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। वहीं अस्कोट-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर बेरीनाग और थल के बीच मलबा आने से कुछ समय के लिए आवाजाही बाधित हुई।
थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग पर ला-झेकला के पास डंपर फंसने के कारण मार्ग करीब आठ घंटे बंद रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर दर्जनों वाहन फंसे रहे। सड़क से मलबा हटाने के बाद यातायात सुचारु कराया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 अगस्त तक भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने तथा मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा बना रहेगा। लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और संवेदनशील मार्गों पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।



