उत्तराखंड

पिरान कलियर में कांवड़ का जल खंडित होने पर बवाल, कांवड़ियों ने युवक को पीटा

रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल खंडित होने के बाद हंगामा हो गया। दरियापुर गांव के पास हुई घटना में आक्रोशित कांवड़ियों ने एक स्थानीय युवक के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला बड़े विवाद में बदलने से बच गया।

 

जानकारी के अनुसार, दरियापुर गांव के पास एक युवक से कांवड़ियों का गंगाजल खंडित हो गया। इसके बाद सरसावा निवासी कांवड़ यात्री आक्रोशित हो गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिसकर्मी के साथ दोबारा भरवाया गंगाजल

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय और पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।

 

इसके बाद पुलिस ने एक जवान को कांवड़ यात्रियों के साथ हरकी पैड़ी भेजा, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। इसके बाद कांवड़ को पुनः स्थापित कर श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

 

एसपी देहात ने बताया स्थिति नियंत्रण में

 

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक से गंगाजल खंडित होने के बाद मारपीट की घटना हुई, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कांवड़ियों को समझाकर दोबारा जल लाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।

 

पुलिस की तत्काल कार्रवाई और संयमित हस्तक्षेप के चलते क्षेत्र में शांति बनी रही और संभावित बड़े विवाद को समय रहते टाल दिया गया। पुलिस ने पूरे मामले पर नजर बनाए रखी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button