रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश से तबाही, तिलवाड़ा में उफनाए गदेरे का मलबा केदारनाथ हाईवे पर; कई वाहन दबे

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी देखने को मिल रहा है। बुधवार देर रात रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में स्मार्ट शौचालय के पास एक गदेरा अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में पानी, बोल्डर और मलबा केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
मलबे की चपेट में कई वाहन दब गए। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों और यात्रियों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में गदेरे का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते हाईवे मलबे से पट गया। इससे केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और प्रभावित वाहनों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन भी कर रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि भारी बारिश के कारण तिलवाड़ा क्षेत्र में गदेरा उफान पर आने से राजमार्ग पर मलबा जमा हो गया है। मार्ग को जल्द सुचारू करने और प्रभावित वाहनों को निकालने के लिए विभागीय टीमें मौके पर तैनात हैं। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन व मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और गदेरों के उफान की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील गदेरों के स्थायी उपचार, सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी और आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है।
उधर, मौसम विभाग ने गुरुवार, 6 अगस्त को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर बागेश्वर, चमोली, पौड़ी और देहरादून में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।



