उत्तराखंड में मानसून का कहर, IMD का ऑरेंज अलर्ट; कई जिलों में स्कूल रहे बंद

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद शासन, प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए बागेश्वर, टिहरी और चंपावत जिलों में 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
29 और 30 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना है। प्रशासन को आवश्यक सतर्कता बरतने और संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन अलर्ट
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए कहा गया है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई सड़कें बाधित होने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम का ताजा अपडेट लेकर ही यात्रा करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



