उत्तर प्रदेशराजनीतिराजनैतिकसामाजिक

सीएम योगी ने बिजनौर को दी विकास की बड़ी सौगात, हरिद्वार तक बढ़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे।

बिजनौर – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वर्धमान डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में बिजनौर को विकास की कई बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने 1003 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा, जिससे बिजनौर को बेहतर संपर्क और आर्थिक विकास का लाभ मिलेगा। उन्होंने जिले में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज के निर्माण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बेटियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पड़ापुर क्षेत्र में पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए लगभग 3000 विस्थापित परिवारों को भूमि पट्टे देकर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया है। गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल किया है और किसानों के हित सर्वोपरि हैं।कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में अपराध और माफियाओं पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है।”मुख्यमंत्री ने नगीना के विश्व प्रसिद्ध काष्ठ शिल्प की सराहना करते हुए स्थानीय कारीगरों की मेहनत को जिले की पहचान बताया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ की तथा मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button