रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, रात करीब 8:43 बजे वाहन संख्या UK13CA0826 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान डंपर में दो लोग सवार पाए गए। राहत एवं बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में संजय राणा (45 वर्ष) का शव गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। वहीं दूसरे मृतक मोहन के शव को भी बरामद कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



