उत्तराखंड

राहुल गांधी कल देहरादून में छात्रों से करेंगे सीधा संवाद, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां पूरी

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार, 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच रहे हैं।

 

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों से सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा भविष्य से जुड़ी अपेक्षाओं को सुनेंगे। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाएं, रोजगार, युवाओं का पलायन और करियर से जुड़े मुद्दे चर्चा के प्रमुख विषय रहेंगे। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम में छात्रों को बिना किसी औपचारिकता के खुलकर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेशभर से छात्रों के आने की लगातार सूचना मिल रही है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और यह कार्यक्रम उसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

 

उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि छात्रों की वास्तविक समस्याओं को सुनकर उन्हें राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाना है। उनका कहना था कि वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां हैं और ऐसे में राहुल गांधी का छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनना महत्वपूर्ण पहल है।

 

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भी कार्यक्रम को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि छात्रों के विचारों और समस्याओं को समझने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य समसामयिक मुद्दों पर छात्र राहुल गांधी से सीधे सवाल पूछ सकेंगे।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर छात्रों में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से विभिन्न शिक्षण संस्थानों और जिलों में संपर्क अभियान चलाकर छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं को अपनी आवाज बुलंद करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button