मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे कई दिनों तक रहेंगे बंद, पैदल मार्ग से करने होंगे दर्शन

हरिद्वार: कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के रोपवे का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा। रोपवे का संचालन करने वाली कंपनी उषा ब्रेको ने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान रोपवे का अर्धवार्षिक मेंटेनेंस किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग का उपयोग करना होगा।
कंपनी के अनुसार, मनसा देवी मंदिर का रोपवे 8 जुलाई से 11 जुलाई तक और चंडी देवी मंदिर का रोपवे 13 जुलाई से 16 जुलाई तक बंद रहेगा। मेंटेनेंस कार्य के दौरान रोपवे और संबंधित पुलों का निरीक्षण सरकारी संस्था ब्रिडकुल द्वारा नामित अधिकारी भी करेंगे।
रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं दर्शन के लिए
हरिद्वार के मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर शहर की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित प्रमुख शक्तिपीठ हैं। दोनों मंदिरों में प्रतिदिन करीब 40 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इनमें से औसतन 10 हजार श्रद्धालु मनसा देवी और करीब 3 हजार श्रद्धालु चंडी देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं। रोपवे बंद रहने के दौरान सभी श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग से ही यात्रा करनी होगी।
नए रोपवे की योजना पर भी होगा सर्वे
मेंटेनेंस कार्य के दौरान उषा ब्रेको और ब्रिडकुल की ओर से नए रोपवे की योजना पर भी काम किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा सर्वे किया जाएगा, जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर पुराने रोपवे की जगह नया रोपवे लगाने का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, नए रोपवे के निर्माण की समयसीमा अभी तय नहीं की गई है।
क्या बोले महाप्रबंधक
उषा ब्रेको के महाप्रबंधक मनोज डोभाल ने बताया कि कांवड़ मेले से पहले सुरक्षा और बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित मेंटेनेंस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में दोनों रोपवे पूरी तरह बंद रहेंगे और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की गई है।



