हरिद्वार में दर्दनाक हादसे: तेज रफ्तार कार ने दो बहनों को कुचला, 3 साल की मासूम की मौत; ट्रक चालक ने भी गंवाई जान

हरिद्वार: हरिद्वार में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया, जिसमें तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं सुमननगर क्षेत्र में देर रात ट्रक के सुरक्षा दीवार से टकराने पर चालक की जान चली गई।
घर के बाहर खेल रहीं बहनों को कार ने मारी टक्कर
श्यामपुर थाना क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की पांच वर्षीय बेटी अनिता और तीन वर्षीय सरिता घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी। हादसे में सरिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिता गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कार समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
श्यामपुर सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृत बच्ची के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरी बस्ती में शोक का माहौल है।
सुमननगर में ट्रक हादसा, चालक की मौत
दूसरी घटना गुरुवार देर रात सुमननगर क्षेत्र के पथरी पुल के पास हुई। पंजाब नंबर का एक ट्रक अनियंत्रित होकर रौ नदी के किनारे बनी सुरक्षा दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहजहांपुर का रहने वाला था चालक
मृत चालक की पहचान चंदन जोशी (28) पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.



