उत्तराखंड

उत्तराखंड में कल होगा NEET (UG) री-एग्जाम, 53 केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

देहरादून: देशभर में आयोजित होने जा रही NEET (UG) पुनर्परीक्षा को लेकर उत्तराखंड में प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के 10 जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

देहरादून जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी। इस दौरान लाउडस्पीकर, जुलूस, प्रदर्शन, नारेबाजी और भीड़ जुटाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

 

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के शोरगुल वाले उपकरणों का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा हथियार, लाठी, हॉकी स्टिक, तलवार, तेजधार वस्तुएं, विस्फोटक सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा। पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई है तथा बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक सभा या जुलूस की अनुमति नहीं होगी।

 

पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष स्कॉर्ट ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को केंद्र प्रभारी बनाया गया है। स्थानीय पुलिस लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है।

 

हरिद्वार में बनाए गए 5 जोन और 12 सेक्टर

 

हरिद्वार जिले में NEET परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 8 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र और 4 केंद्र शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले को 5 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। एसपी क्राइम निशा यादव को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

नैनीताल में 3,874 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 

नैनीताल जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,874 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया है तथा प्रत्येक सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।

 

अन्य जिलों में भी तैयारियां पूरी

 

ऊधमसिंह नगर जिले में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2,528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पिथौरागढ़ में केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं अल्मोड़ा जिले में द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।

 

परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली और शौचालय सुविधाओं की जांच की गई है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

राज्यभर में परीक्षा को लेकर प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क है ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button