उत्तराखंड दौरे पर आएंगी कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, संगठन और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी Kumari Selja 17 और 18 जून को दो दिवसीय देहरादून दौरे पर रहेंगी। दौरे के दौरान वह पार्टी के जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, प्रकोष्ठों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि के अनुसार, कुमारी शैलजा 17 जून को सुबह दिल्ली से रवाना होकर लगभग 9:50 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह देहरादून पहुंचकर सुबह 11 बजे जिला और महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस प्रभारी अनुषांगिक संगठनों, विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती को लेकर विचार-विमर्श करेंगी। वहीं शाम 4 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन बैठक कर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर फीडबैक और सुझाव लेंगी।
कुमारी शैलजा देहरादून में रात्रि विश्राम करेंगी। 18 जून को भी वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकती हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर करीब 3 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi भी उत्तराखंड दौरे पर आए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके थे। बाद में उनके विमान की पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी, जिसके बाद उन्होंने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया था।



