उत्तराखंडदुर्घटना

बदरीनाथ हाईवे पर फिर हादसा, श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर पलटा; 8 घायल

चमोली: चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर सड़क हादसा सामने आया है। हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार मेरठ (उत्तर प्रदेश) से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का टेंपो ट्रैवलर (UP-15 ET-1020) बदरीनाथ धाम के दर्शन कर ऋषिकेश लौट रहा था। इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया। वाहन में चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जेपी कंपनी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर कर दिया गया।

घायलों में दिशा सैनी (15), वर्षा, इलालिता, ज्योति, पुष्पा गिरी, चालक जमील, राजकुमार और बसु शामिल हैं। सभी घायल मेरठ जनपद के निवासी बताए गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से राहत कार्य जल्द पूरा कर लिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए बदरीनाथ हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी का उपचार जारी है और किसी भी यात्री की स्थिति गंभीर नहीं है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई थी और 17 अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बीच प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button