उत्तराखंड

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी ट्रैक्टर ट्रॉली; दो युवकों की मौत

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या UK 02 CA 0073 चढ़ाई वाले मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क से नीचे कई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना स्थल दुर्गम होने और खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) और 26 वर्षीय चत्ते राजी पुत्र गंगा राम निवासी कैलाली (नेपाल) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

 

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेत लगाने और मजबूत सुरक्षा दीवारें बनाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button