भाजपा संगठन को मजबूत करने उत्तराखंड पहुंचे नितिन नवीन, कई नेताओं संग करेंगे बैठक

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच चुके हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कल्पना सैनी, नरेश बंसल और मालाराज लक्ष्मी शाह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भारत चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की।
अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान नितिन नवीन सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा होगी। भाजपा सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनावी जीत का मंत्र देंगे।
पहले दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन के नेताओं से मुलाकात करेंगे और दो महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, विपक्ष की गतिविधियों और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर चर्चा की जाएगी।
29 मई को नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। उसी दिन वे पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर फोकस रहेगा।
पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा इस बार केवल बड़े चुनावी कार्यक्रमों या जनसभाओं पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि लाभार्थियों तक सीधा संपर्क, छोटे स्तर के प्रभावी कार्यक्रम और संगठनात्मक मजबूती पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इसी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद करेंगे।
दौरे के दौरान नितिन नवीन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे बूथ समितियों, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश के विभिन्न दायित्वधारियों के साथ भी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी संगठन इसे चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के बड़े अभियान के रूप में देख रही है।



