उत्तराखंड

मसूरी में दर्दनाक हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा पानी का टैंकर, चालक की मौत

मसूरी : मसूरी-देहरादून मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की मौत हो गई। हादसा गज्जी बैंड के पास हुआ, जहां पानी से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर मसूरी की ओर जा रहा था। सुबह करीब 6 बजे गज्जी बैंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला और निजी वाहन से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अक्षय असवाल पुत्र प्रेम सिंह असवाल निवासी ग्राम सभा दुधई, ब्लॉक सहसपुर, देहरादून, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैंकर पूरी तरह पानी से भरा हुआ था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टैंकर मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button