उत्तराखंड

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे देहरादून, बैठकों और कार्यक्रमों का सिलसिला रहेगा जारी

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा होगा, जिसे लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी ने उनके स्वागत और कार्यक्रमों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

नितिन नवीन शाम 4:35 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक उनके स्वागत के लिए 25 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस दौरान युवा और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत करेंगी।

 

देहरादून पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे से कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

 

शुक्रवार को नितिन नवीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे।

 

इसके बाद उनका कार्यक्रम राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में रहेगा, जहां सुबह 11 बजे से विभिन्न बैठकों का दौर शुरू होगा। सबसे पहले वे सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर दो बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक चर्चा करेंगे।

 

शाम चार बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी संवाद करेंगे।

 

शाम को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वे गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ संवाद करेंगे।

 

अपने प्रवास के अंतिम दिन शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे गढ़ी कैंट स्थित बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में शामिल होंगे।

 

इसके बाद सुबह 11 बजे सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव में भाग लेंगे। वहीं दोपहर दो बजे मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

तीन दिवसीय दौरे के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार शाम 4:35 बजे देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button