उत्तराखंड

देहरादून में गर्मी का कहर, तापमान 40 डिग्री पार, लू का अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को शहर के मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। वहीं पंतनगर में तापमान 40.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को दून का पारा 41 डिग्री या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।

कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में लू चल सकती है। विभाग का कहना है कि वर्तमान तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जिससे मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ गया है।

पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार

भीषण गर्मी के बीच उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में कहीं-कहीं बेहद हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

सात दिन तक राहत नहीं

मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून में अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि शुक्रवार और शनिवार को भी पारा 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 24 और 25 मई को फिर से तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

बढ़ती गर्मी को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड्स और जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button