केदारनाथ से लौटते वक्त ट्रेन से लापता हुई नवविवाहिता 6 दिन बाद बिहार में मिली सकुशल

हरिद्वार/लक्सर। कानपुर की प्रज्ञा सिंह, जिनकी शादी को अभी महज तीन महीने हुए हैं, केदारनाथ यात्रा से लौटते समय देहरादून-गाजियाबाद नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। छह दिन बाद वह बिहार के बेगूसराय में सकुशल मिलीं। अब प्रज्ञा ने खुद बताया है कि वह बिहार कैसे पहुंचीं।
पुलिस ने प्रज्ञा को बरामद कर उनके परिवार को सूचना दे दी है। लक्सर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि ट्रेन में पति से विवाद होने के बाद जब पति सो गया तो वह चुपचाप ट्रेन से उतर गईं और बिना टिकट दूसरी ट्रेन में सवार हो गईं। उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि वह ट्रेन बिहार जा रही है। बेगूसराय पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी मां को फोन कर खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी।
पति से ट्रेन में हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, घर लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। यह बात प्रज्ञा ने अपनी मां को फोन पर भी बताई। फिलहाल पुलिस ने प्रज्ञा को कानपुर स्थित उनके घर सुरक्षित पहुंचा दिया है और वह अपने परिवार के साथ हैं।
क्या थी पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, 5 मई की रात प्रज्ञा सिंह अपने पति मनीष के साथ केदारनाथ यात्रा पूरी कर देहरादून से गाजियाबाद लौट रही थीं। दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। मनीष ने बताया कि हरिद्वार पार होने तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जिसके बाद वे सो गए।
मुजफ्फरनगर स्टेशन के पास पहुंचने पर मनीष की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि प्रज्ञा अपनी सीट पर नहीं थीं। पहले उन्हें लगा कि वह वॉशरूम गई होंगी, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर उन्होंने पूरी ट्रेन में तलाश शुरू की। दोनों वॉशरूम और आसपास के डिब्बों में खोजबीन की गई, लेकिन प्रज्ञा का कोई पता नहीं चला। उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला।
ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के दौरान भी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई और मामला रुड़की कोतवाली भेजा गया, जहां गुमशुदगी दर्ज की गई।
सीसीटीवी बने चुनौती
जांच के दौरान रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने। पति मनीष ने आरोप लगाया कि रुड़की और मुजफ्फरनगर स्टेशन के कैमरे काम नहीं कर रहे थे, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि प्रज्ञा ट्रेन से कहां उतरीं।
पति ने किसी हादसे या आपराधिक वारदात की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद मांगी थी। पुलिस ने रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में कई किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मैसेज और व्हाट्सऐप चैट की भी जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
आखिरकार प्रज्ञा के बिहार पहुंचने और मां को फोन करने के बाद पूरा मामला स्पष्ट हो सका।



