
देहरादून। देहरादून स्थित दून अस्पताल में डॉक्टरों की तत्परता और कुशलता से तीन साल की एक मासूम बच्ची की जान बचा ली गई। बच्ची ने खेल-खेल में नुकीली कील निगल ली थी, जो गले से होते हुए सांस की नली के पास जाकर फंस गई।

कील फंसने के बाद बच्ची को लगातार खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में मामला गंभीर पाया गया, क्योंकि कील सांस की नली के बेहद नजदीक अटकी हुई थी और जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने बिना देरी किए एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के जरिए ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे तक चली जटिल प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों ने अत्यंत सावधानी से कील को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय नुकीली या छोटे आकार की वस्तुओं से दूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



