उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

14 अप्रैल को पीएम मोदी का प्रस्तावित दौरा, प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल पर अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया गया है।

बुधवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय बैठक कर सभी विभागों को जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं।

प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री पहले गणेशपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से देहरादून स्थित गढ़ीकैंट पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे देखते हुए मार्ग सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कार्यक्रम स्थल प्रबंधन को प्राथमिकता दी गई है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को पुलिस के समन्वय से पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, जबकि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मोबाइल शौचालय और स्वास्थ्य टीम तैनात रहेंगी

जिला प्रशासन ने नगर निगम को सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सफाई, मोबाइल शौचालय और आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को रूट और स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मंच, पार्किंग और यातायात योजना की अलग समीक्षा

बैठक में मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, वीआईपी और आमजन के लिए अलग बैठने की योजना तथा यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button